HamariChoupal,25,02,2026
देहरादून । भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस पूर्व सैनिक विभाग ने अग्निपथ/अग्निवीर योजना के विरोध में चल रहे राज्यव्यापी आंदोलन के तहत निकाली जा रही हस्ताक्षर अभियान यात्रा के तीसरे चरण की समाप्ति पर देहरादून में पत्रकार वार्ता आयोजित की। वार्ता में विभाग के प्रदेश अध्यक्ष कर्नल राम रतन नेगी ने कहा कि कांग्रेस “सैनिकों के हितों की रक्षा के लिए वचनबद्ध” है और अग्निवीर योजना के खिलाफ जन-जागरूकता को गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा।
कर्नल नेगी ने बताया कि पूर्व सैनिक विभाग के नेतृत्व में चल रही यह यात्रा 20 फरवरी से 25 फरवरी तक संचालित हुई। यात्रा रथ को उत्तराखंड कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष करन माहरा ने पार्टी मुख्यालय से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
सहसपुर से विकासनगर होते हुए उत्तरकाशी-टिहरी तक मिला समर्थन
यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों का समर्थन मिला। सहसपुर में प्रदेश कोषाध्यक्ष आर्येन शर्मा सहित पार्टी पदाधिकारियों ने यात्रा रथ का स्वागत किया। विकासनगर में उत्तराखंड कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष प्रीतम सिंह) के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने यात्रा का स्वागत किया।
आगे यात्रा को बड़कोट सहित अन्य कस्बों में भी समर्थन मिला और उत्तरकाशी में जिला कांग्रेस के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की।

टिहरी जनपद में प्रतापनगर से कांग्रेस विधायक बिक्रम सिंह नेगी तथा जिला पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने यात्रा का स्वागत किया। नरेंद्रनगर में भी अग्निवीर योजना के विरोध में चल रहे इस अभियान के समर्थन में कार्यकर्ताओं में “बड़ा उत्साह” देखने को मिला।
यात्रा के दौरान मसूरी में पूर्व विधायक जोत सिंह घुनसोला, नगर अध्यक्ष अमित गुप्ता सहित कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने यात्रा रथ का स्वागत किया। कर्नल नेगी ने जनसभाओं में अग्निपथ/अग्निवीर योजना का विरोध क्यों—इस विषय पर विस्तृत जानकारी साझा की और कार्यकर्ताओं व आमजन से इसे गांव-गांव तक पहुंचाने की अपील की।
पत्रकार वार्ता में डॉ. हरक सिंह रावत, लेफ्टि. गोपाल सिंह गाड़िया, प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह, अमरजीत सिंह, शीशपाल बिष्ट, विनोद चौहान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
