उत्तरप्रदेश,08,01,2025
लखनऊ(आरएनएस ) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज जनपद गोरखपुर में दिवंगत वरिष्ठ पत्रकार विवेक कुमार अस्थाना के शोक संतप्त परिवार से भेंट कर गहरी संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने दिवंगत पत्रकार की पत्नी निहारिका अस्थाना तथा उनके बच्चों दिव्य अस्थाना और देव अस्थाना को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक प्रदान किया और इस कठिन समय में परिवार को धैर्य रखने का ढांढस बंधाया।मुख्यमंत्री ने कहा कि विवेक कुमार अस्थाना का पत्रकारिता और सांस्कृतिक क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनका असमय निधन न केवल उनके परिवार बल्कि पत्रकार जगत और समाज के लिए भी एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि सरकार इस दुःख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने परिजनों से बातचीत कर उनकी स्थिति की जानकारी ली और दिवंगत पत्रकार की स्मृतियों को नमन किया।इस अवसर पर विधायक प्रदीप शुक्ला, विधान परिषद सदस्य धर्मेन्द्र सिंह, गोरखपुर जर्नलिस्ट प्रेस क्लब के अध्यक्ष रितेश मिश्र सहित अन्य जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत पत्रकार के योगदान को याद करते हुए परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।गौरतलब है कि विगत दिनों वरिष्ठ पत्रकार, गोरखपुर जर्नलिस्ट प्रेस क्लब के आजीवन सदस्य एवं रंगकर्मी विवेक कुमार अस्थाना का अचानक निधन हो गया था। उनके निधन से पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई थी। मुख्यमंत्री द्वारा दी गई आर्थिक सहायता और संवेदना से परिवार को संबल मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
