हमारी चौपाल,03,02,2026
देहरादून। जनपद देहरादून के थाना कालसी क्षेत्र अंतर्गत मीनस मार्ग पर क्वानू के पास मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नेरवा से पांवटा साहिब की ओर जा रही हिमाचल रोडवेज की एक बस अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 100 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में बस चालक सहित चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही थाना कालसी पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र होने के बावजूद राहत एवं बचाव कार्य तेजी से शुरू किया गया। पुलिस व एसडीआरएफ जवानों ने खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकाला और उन्हें उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में भिजवाया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार बस में कुल 36 यात्री सवार थे। हादसे में दो महिलाओं और दो पुरुषों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में बस चालक भी शामिल है। यात्रियों से मिली प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, एक छोटे वाहन को ओवरटेक करने के दौरान बस अनियंत्रित हो गई और यह भीषण हादसा हुआ।
पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
हादसे में मृतकों का विवरण:
यासमीन बेगम पत्नी नेक मोहम्मद, निवासी ग्राम क्यारला, नेरवा, हिमाचल प्रदेश (उम्र 46 वर्ष)
रिचा पत्नी वीरेन्द्र, निवासी ग्राम बिजमल, तहसील नेरवा, शिमला, हिमाचल प्रदेश (उम्र 30 वर्ष)
धन बहादुर पुत्र अज्ञात, निवासी ग्राम क्यारला, नेरवा, हिमाचल प्रदेश
दिनेश कुमार पुत्र मोहन सिंह, निवासी ग्राम पोपाट, शिमला, हिमाचल प्रदेश (उम्र 54 वर्ष, बस चालक)
घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। प्रशासन द्वारा घायलों के बेहतर उपचार की व्यवस्था की जा रही है, वहीं मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई
