हरिद्वार(आरएनएस)। कांवड़ मेला-2026 संपन्न होते ही कुंभ मेला-2027 की तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। मंगलवार को बारिश के बीच मेलाधिकारी सोनिका ने मेला प्रशासन और विभिन्न निर्माणदायी संस्थाओं के अधिकारियों के साथ प्रमुख घाटों, पार्किंग स्थलों, सड़कों और संपर्क मार्गों का पैदल निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति देखी और अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने के निर्देश दिए।मेलाधिकारी ने हरकी पैड़ी, कांगड़ा घाट, सर्वानंद घाट, वीआईपी घाट, भीमगोड़ा, खड़खड़ी, पंतद्वीप, चमगादड़ टापू, लालजीवाला और रोड़ीबेलवाला क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने कुंभ के दौरान संभावित श्रद्धालुओं की संख्या और यातायात दबाव को देखते हुए अधिकारियों से व्यवस्थाओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि कुंभ की तैयारियों के लिए अब समय महत्वपूर्ण है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम में तेजी लाएं और परियोजनाओं की नियमित समीक्षा करें। कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रमुख घाटों, पार्किंग और श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले क्षेत्रों में पर्याप्त सार्वजनिक शौचालय, नियमित सफाई, सैनिटेशन और कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही स्वच्छ पेयजल की निर्बाध आपूर्ति के लिए आवश्यक प्रबंध समय से पूरा करने के निर्देश दिए। भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पैदल मार्ग, प्रवेश-निकासी, पार्किंग, वैकल्पिक मार्ग, प्रकाश और बैरिकेडिंग की व्यवस्था पहले से दुरुस्त करने को कहा। सूखी नदी पर निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण करते हुए मेलाधिकारी ने कांवड़ मेला खत्म होने के बाद काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। पुल से जुड़ी सीवर लाइन की शिफ्टिंग भी जल्द पूरी करने को कहा। भीमगोड़ा में काली मंदिर की पहाड़ी से भूस्खलन की स्थिति देखते हुए प्रभावी सुरक्षात्मक उपाय करने के निर्देश दिए।
कांवड़ मेला खत्म होते ही कुंभ की तैयारियों में जुटा मेला प्रशासन
3
