Hamarichoupal,04,08,2025
पौड़ी।मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना के तहत, रक्षाबंधन के पावन अवसर पर पौड़ी जिले में महिला स्वयं सहायता समूहों ने अपने बनाए उत्पादों की बिक्री के लिए 24 स्थानों पर स्टॉल लगाए। जिला मुख्यालय पर जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने रिबन काटकर स्टॉल का उद्घाटन किया और कहा कि प्रशासन स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने समूहों को उनके उत्पादों की लागत का सही आकलन करने की सलाह भी दी, ताकि वे अपने वास्तविक लाभ को जान सकें।
मुख्यमंत्री ने किया महिलाओं से संवाद
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने साधना क्लस्टर की सदस्यों से वर्चुअल माध्यम से संवाद किया। उन्होंने कहा कि वह हमेशा मातृशक्ति के साथ हैं और एक बेटा-भाई बनकर उनके लिए काम करते रहेंगे। मुख्यमंत्री ने ‘जल सखी योजना’ की भी घोषणा की, जिसके तहत महिला समूह जल संरक्षण और बिल वितरण जैसे कार्यों को आउटसोर्सिंग के माध्यम से करेंगे। उन्होंने महिलाओं से उनके उत्पादों की बिक्री, लागत और गुणवत्ता पर सुझाव भी लिए।
‘आत्मनिर्भर संगठन पुरस्कार 2024’ से होगा सम्मान
साधना क्लस्टर के जागृति संगठन की सदस्य सुशीला देवी ने बताया कि उनके क्लस्टर की 430 महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। उन्होंने यह भी बताया कि ये महिलाएं कृषि, कैंटीन संचालन, डेयरी, और आटा चक्की पैकेजिंग जैसे कई काम करती हैं। सुशीला देवी ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनके क्लस्टर को 15 अगस्त को भारत सरकार द्वारा “आत्मनिर्भर संगठन पुरस्कार 2024” से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने मार्केटिंग की सुविधा मिलने पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि इससे उनके उत्पादों की पहचान बढ़ी है और उनकी आय में भी वृद्धि हुई है।
इस कार्यक्रम में पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, बीडीओ पौड़ी सौरभ हांडा और साधना समूह की कई महिलाएं मौजूद थीं।