देहरादून, 11 मई 2025 (हमारी चौपाल)भगवती मानव कल्याण संगठन, शाखा–देहरादून द्वारा विश्व कल्याण, नशा एवं मांसाहार मुक्त तथा चरित्रवान समाज की स्थापना के संकल्प के साथ माता भगवती दुर्गा जी की दिव्य महाआरती का भव्य आयोजन किया गया। यह आध्यात्मिक आयोजन एक पावन उत्सव के रूप में सम्पन्न हुआ, जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय पत्रिका एवं समाचार पत्र के व्यवस्था संपादक श्री बलदेव चन्द्र भट्ट जी ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से आयोजन को गौरवान्वित किया।
शंखनाद, जयकारों और “माँ गुरुवर की जय!” के घोष के साथ आरती का शुभारंभ हुआ। दिव्य मंत्रोच्चारण, भक्तिमय वातावरण और श्रद्धा से ओतप्रोत भावनाओं के साथ महाआरती का आयोजन अत्यंत आत्मविभोर करने वाला रहा।
महाआरती के पश्चात चिंतन सत्र में संगठन के जिला सचिव श्री गंगा गिरी जी ने अपने प्रेरणादायी विचार रखते हुए कहा:
> “कलियुग में मनुष्य जीवन के पूर्ण कल्याण का मार्ग केवल माता आदिशक्ति दुर्गा जी की भक्ति-साधना में ही निहित है। नशा, मांसाहार और विकारों से मुक्त रहकर चरित्रवान जीवन जीते हुए जब मनुष्य मां की आराधना करता है, तभी उसे देवी-देवताओं की कृपा प्राप्त होती है और जीवन में सच्चा कल्याण संभव होता है।”
इस आयोजन में उपस्थित सभी धर्मप्रेमी जनों ने महाआरती का पुण्य लाभ प्राप्त किया। अंत में मां दुर्गा जी का शक्तिजल एवं सभी श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क प्रसाद वितरित किया गया।
भगवती मानव कल्याण संगठन का यह आयोजन जनमानस को एक पावन संदेश देता है कि यदि हम अपने जीवन में सच्चे आचरण, भक्ति, और संयम को अपनाएं, तो न केवल व्यक्तिगत बल्कि सामाजिक और राष्ट्रीय स्तर पर भी आध्यात्मिक उत्थान संभव है।
