विकासनगर, 2 नवंबर। सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम झाझरा में विकास कार्यों को गति देते हुए विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने सोमवार को विभिन्न सड़क निर्माण एवं सुधारीकरण कार्यों का विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शिलान्यास किया। इन कार्यों में गांव के आंतरिक मार्गों पर इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने तथा बालाजी मंदिर के सामने मुख्य सड़क के सुधारीकरण का कार्य शामिल है।
इस अवसर पर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने कहा कि क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग और स्थानीय जरूरतों को देखते हुए इन कार्यों को स्वीकृति दिलाई गई है। निर्माण कार्य पूरे होने के बाद ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और सड़क संपर्क व्यवस्था पहले से बेहतर होगी।
विधायक ने कहा कि सहसपुर विधानसभा क्षेत्र का समग्र और संतुलित विकास उनकी प्राथमिकता है। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, जल निकासी सहित मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं को तैयार करते समय स्थानीय जनता की जरूरतों और जनअपेक्षाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में संचालित विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार के सहयोग से सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में भी विकास योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारा जा रहा है।
इस दौरान विधायक ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यों को तय समय सीमा में पूरा करने को कहा, ताकि स्थानीय लोगों को जल्द सुविधाओं का लाभ मिल सके।
शिलान्यास कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, भाजपा संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
झाझरा में विकास कार्यों को मिली रफ्तार, विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने किया सड़कों का शिलान्यास
इंटरलॉकिंग टाइल्स से बनेंगे आंतरिक मार्ग, बालाजी मंदिर के सामने मुख्य सड़क का होगा सुधारीकरण
3
