हमारी चौपाल | रुद्रप्रयाग।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को रुद्रप्रयाग में चारधाम सड़क परियोजना के तहत निर्मित पुल-सुरंग मार्ग का निरीक्षण किया। करीब 156 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना पर ट्रायल के आधार पर आवागमन शुरू कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजना का जल्द ही विधिवत लोकार्पण किया जाएगा। इस मार्ग के नियमित संचालन से केदारनाथ और बदरीनाथ जाने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही रुद्रप्रयाग बाजार में चारधाम यात्रा के दौरान लगने वाले जाम से भी निजात मिलेगी।
परियोजना के तहत अलकनंदा नदी पर 200 मीटर लंबा पुल और 900.30 मीटर लंबी सुरंग बनाई गई है। संपर्क मार्ग सहित इसकी कुल लंबाई लगभग 1.18 किलोमीटर है। यह मार्ग केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-107) को बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-07) से सीधे जोड़ेगा। इसके शुरू होने से दोनों धामों की ओर जाने वाले यात्रियों को रुद्रप्रयाग बाजार से होकर गुजरने की आवश्यकता नहीं होगी, जिससे शहर के भीतर यातायात का दबाव कम होने की संभावना है।
रुद्रप्रयाग में 156 करोड़ की पुल-सुरंग परियोजना तैयार, ट्रायल के आधार पर शुरू हुआ आवागमन
केदारनाथ-बदरीनाथ हाईवे को जोड़ेगा नया मार्ग, जाम से मिलेगी राहत; संगम लाइब्रेरी को मुख्यमंत्री ने दीं 150 पुस्तकें
5
