विकासनगर(आरएनएस)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयं सेवकों ने रविवार को सेलाकुई और हरबर्टपुर में पथ संचलन किया। पूर्ण गणवेश में अनुशासित पंक्तियों में चल रहे स्वयंसेवकों ने नगर के प्रमुख मार्गों से संचलन कर संगठन के अनुशासन, एकजुटता और सामाजिक दायित्वों का संदेश दिया। दोनों स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में स्वयंसेवकों ने उत्साह के साथ भाग लिया।सेलाकुई में पथ संचलन की शुरुआत इंटर कॉलेज से हुई। यहां से स्वयंसेवक निगम रोड, हरिपुर रोड और मुख्य बाजार से होते हुए प्रगति विहार पहुंचे। इसके बाद संचलन वापस इंटर कॉलेज पहुंचकर संपन्न हुआ। इस दौरान स्वयंसेवक कदमताल करते हुए आगे बढ़े और संगठनात्मक अनुशासन व एकजुटता का प्रदर्शन किया। बौद्धिक सत्र में संघ के विभाग प्रचारक धनंजय ने विजयदशमी के महत्व और संघ की परंपरा का उल्लेख करते हुए राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए व्यक्ति का आचरण, अनुशासन और सामूहिक प्रयास महत्वपूर्ण हैं। स्वयंसेवकों को समाज के बीच रहकर सेवा कार्यों में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुबोध बमोला ने की, जबकि संचालन जयदीप बिजल्वाण ने किया। पथ संचलन में योगेश सेमवाल, ज्ञान सिंह राणा, सुमित सिंह, जयकृत राणा, शिवांश भर्तृवाल, संजय कंडारी और भागीरथ भट्ट सहित अन्य स्वयंसेवक शामिल रहे।
हरबर्टपुर में विजयदशमी पर पथ संचलन: हरबर्टपुर में भी विजयदशमी के अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से पथ संचलन आयोजित किया गया। पूर्ण गणवेश में स्वयंसेवकों ने विकासनगर रोड, सहारनपुर रोड, पांवटा रोड और देहरादून रोड पर संचलन किया। नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए स्वयंसेवकों ने संगठन के अनुशासन और एकजुटता का परिचय दिया। कार्यक्रम में राष्ट्र, समाज और व्यक्ति के दायित्वों पर जोर दिया गया।
सेलाकुई और हरबर्टपुर में संघ का पथ संचलन
1
