देहरादून। त्योहारी सीजन और आगामी वीआईपी-वीवीआईपी कार्यक्रमों को देखते हुए दून पुलिस ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने देर रात तक चली मैराथन बैठक में अधीनस्थ अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि ड्यूटी में लापरवाही और कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मुख्य बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की सक्रियता बढ़ाने के साथ ही यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
पुलिस कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, यातायात निरीक्षकों, अग्निशमन अधिकारियों और शाखा प्रभारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। नवरात्र, धनतेरस, दीपावली, शहीद दिवस और राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रस्तावित कार्यक्रमों तथा विशिष्ट और अति विशिष्ट व्यक्तियों के आगमन को देखते हुए अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि पूर्व में चिह्नित चेकिंग प्वाइंटों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर प्रभावी चेकिंग की जाए। मुख्य बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर वर्दी के साथ सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाए, ताकि संदिग्धों और अराजक तत्वों पर नजर रखी जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि चेकिंग में लापरवाही या शिथिलता के कारण कोई आपराधिक घटना होती है तो संबंधित थाना प्रभारी की जवाबदेही तय कर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त और चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। त्योहारी खरीदारी के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए सड़क किनारे, दुकानों के बाहर और फुटपाथों पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया। पीक आवर्स में क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी स्वयं व्यस्ततम मार्गों तथा प्रमुख चौराहों पर मौजूद रहकर यातायात संचालन सुनिश्चित करेंगे। एसएसपी ने अग्निशमन अधिकारियों को मुख्य बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। दुकानों के बाहर अतिक्रमण नहीं होने देने पर जोर देते हुए कहा गया कि किसी आपात स्थिति में अग्निशमन और अन्य आपातकालीन वाहनों की आवाजाही बाधित नहीं होनी चाहिए। धनतेरस और दीपावली के मद्देनजर ज्वैलरी शॉप, सर्राफा बाजार, बैंक, एटीएम, गोल्ड लोन और वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा बढ़ाई जाएगी। पुलिस इन प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों, अलार्म सिस्टम और सुरक्षा गार्डों की उपलब्धता की जांच करेगी।
बिना सुरक्षा गार्ड या सीसीटीवी कैमरों के संचालित एटीएम बूथों और प्रतिष्ठानों की सूची तैयार कर संबंधित प्रबंधकों को नोटिस देने के निर्देश दिए गए हैं। कार्रवाई का पूरा विवरण थानों में रजिस्टर के माध्यम से दर्ज किया जाएगा, जिसकी नियमित समीक्षा क्षेत्राधिकारी करेंगे। पलटन बाजार समेत अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में सादे और वर्दीधारी पुलिसकर्मियों की गश्त भी बढ़ाई जाएगी। अपराधों की समीक्षा के दौरान एसएसपी ने लंबित मामलों के अनावरण में हो रही देरी के कारणों की जानकारी ली और संबंधित थाना प्रभारियों को मामलों का जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए। पूर्व में आपराधिक घटनाओं में प्रकाश में आए और जमानत पर बाहर चल रहे आरोपितों पर सतर्क निगरानी रखने के साथ उनके नियमित भौतिक सत्यापन को कहा गया।
राज्य स्थापना दिवस और अन्य राजकीय कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश में चेकिंग और सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं प्रसारित कर शांति एवं कानून व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करने को कहा गया।
बैठक में क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम (सीसीटीएनएस) के तहत विभिन्न पोर्टलों पर सूचनाएं समय से अपडेट नहीं किए जाने पर एसएसपी ने संबंधित थाना प्रभारियों को कड़ी फटकार लगाई। सभी आवश्यक सूचनाएं नियमित रूप से अद्यतन करने और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी गई। साइबर शिकायतों, ई-जीरो एफआईआर और नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा के दौरान अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने पर भी नाराजगी जताई गई। एसएसपी ने शिकायतों का शीघ्र विधिक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि साइबर अपराधों से जुड़े मामलों में अनावश्यक देरी या लापरवाही करने वाले अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी त्योहारों और वीआईपी कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा, यातायात और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करें।
त्योहारी सीजन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, एसएसपी दून के कड़े तेवर
9
