देहरादून। उत्तराखंड सेवा का अधिकार आयोग को बुधवार को नया आयुक्त मिल गया। सचिवालय में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने दीपेन्द्र चौधरी को उत्तराखंड सेवा का अधिकार आयोग में आयुक्त पद की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के बाद मुख्य सचिव ने उन्हें नवीन दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि वह अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ करेंगे।
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि सेवा का अधिकार अधिनियम का मूल उद्देश्य आम नागरिकों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही प्रशासन में जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित करना भी अधिनियम की महत्वपूर्ण भावना है। उन्होंने कहा कि नागरिकों को समयबद्ध तरीके से सरकारी सेवाओं का लाभ मिले, यह सुनिश्चित करना शासन और प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि आयोग अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करते हुए आमजन को निर्धारित समय में सेवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था को और मजबूत करेगा। आयोग की भूमिका सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली में जवाबदेही बढ़ाने और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करने के लिहाज से महत्वपूर्ण है।
शपथ ग्रहण के बाद आयुक्त दीपेन्द्र चौधरी ने कहा कि वह आयोग की ओर से सौंपे गए दायित्वों का पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि नागरिकों को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य को और प्रभावी बनाने के लिए वह पूरी गंभीरता के साथ कार्य करेंगे।
इस अवसर पर सचिव डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय समेत शासन और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे
सेवा का अधिकार आयोग के आयुक्त बने दीपेन्द्र चौधरी, मुख्य सचिव ने दिलाई शपथ
4
