अल्मोड़ा, 14 अगस्त। विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों के बीच भाजपा ने द्वाराहाट विधानसभा सीट पर अपना फोकस बढ़ा दिया है। अल्मोड़ा जिले के प्रभारी एवं कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शुक्रवार को द्वाराहाट विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न संगठनात्मक बैठकों में प्रतिभाग कर कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने और जनता से निरंतर संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए।
भाजपा मंडल के शक्ति केंद्र असगोली में आयोजित बैठक में डॉ. रावत ने कार्यकर्ताओं को बूथ प्रबंधन के टिप्स दिए। उन्होंने कहा कि द्वाराहाट में कमल खिलाने के संकल्प के साथ प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी एकजुटता और समर्पण से काम करे। उन्होंने कार्यकर्ताओं के उत्साह और समर्पण को पार्टी की सबसे बड़ी ताकत बताया।
डॉ. रावत ने मंडल अध्यक्षों, मंडल महामंत्रियों, जिला पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं पूर्व पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठकें कर आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों और पार्टी गतिविधियों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और पार्टी के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया।
23 हारी हुई सीटों पर भाजपा का विशेष फोकस
विधानसभा चुनाव-2027 को लेकर भाजपा ने वर्ष 2022 में पार्टी की हार वाली प्रदेश की 23 विधानसभा सीटों पर विशेष रणनीति तैयार की है। इन सीटों पर चुनावी प्रबंधन मजबूत करने के लिए वरिष्ठ नेताओं को व्यक्तिगत जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी क्रम में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत को द्वाराहाट विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है।
डॉ. रावत ने कार्यकर्ताओं से कहा कि बूथ संगठन की सबसे महत्वपूर्ण इकाई है। इसलिए प्रत्येक बूथ को मजबूत करने के साथ ही कार्यकर्ताओं को आम जनता के बीच लगातार संपर्क और संवाद बनाए रखना होगा।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान में भी लिया हिस्सा
द्वाराहाट पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने डॉ. धन सिंह रावत का गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में भी प्रतिभाग किया। उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों और प्रतिष्ठानों में राष्ट्रध्वज फहराने की अपील की।
उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान के साथ-साथ राष्ट्रीय एकता, संप्रभुता और गौरव का प्रतीक है।
बैठकों में भाजपा जिलाध्यक्ष घनश्याम भट्ट, जिला प्रभारी प्रदीप जनौटी, पूर्व विधायक महेश सिंह नेगी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अनिल शाही समेत पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
द्वाराहाट में खिलेगा भाजपा का कमलः रावत
बूथ प्रबंधन पर भाजपा कार्यकर्ताओं को दिए जीत के मंत्र, संगठन मजबूत करने पर जोर
3
