हमारी चौपाल
श्रीनगर/देहरादून। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने सोमवार को पौड़ी से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का शुभारंभ किया। पाबौ, सांकरसैंण और पौड़ी में आयोजित तिरंगा यात्राओं में हजारों लोगों, जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान भारत माता की जय के नारों से पूरा क्षेत्र राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत और पौड़ी विधायक राजकुमार पोरी सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सांकरसैंण में डॉ. रावत ने कहा कि 15 अगस्त को देश अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है। स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों को नमन और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का दिन भी है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों, प्रतिष्ठानों और संस्थानों में तिरंगा फहराकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन का अभियान बनाएं। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है तथा यह अभियान राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति की भावना को और मजबूत करेगा।

डॉ. रावत ने बताया कि 15 अगस्त तक प्रदेश के सभी शिक्षण संस्थानों में तिरंगा यात्राओं समेत विभिन्न राष्ट्रभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
राजकीय महाविद्यालय पाबौ में शिक्षा मंत्री ने छात्र-छात्राओं से संवाद भी किया। उन्होंने विद्यार्थियों की शिक्षा, भविष्य की आकांक्षाओं और नवाचार से जुड़े विषयों पर चर्चा कर उनके सुझाव सुने। डॉ. रावत ने कहा कि युवाओं में प्रतिभा, ऊर्जा और नवाचार की अपार क्षमता है। सरकार विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर, आधुनिक संसाधन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, ताकि युवा अपने सपनों को साकार करने के साथ उत्तराखंड और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत, मंडल अध्यक्ष विमल नेगी सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
