देहरादून। राजधानी देहरादून में मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। आर्थिक तंगी के चलते एक मां ने अपनी ही 15 वर्षीय नाबालिग बेटी का डेढ़ लाख रुपये में सौदा कर दिया। जब तय रकम पूरी नहीं मिली तो उसने बेटी के अपहरण की झूठी कहानी गढ़कर पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी। पुलिस की गहन जांच में पूरे मामले का पर्दाफाश हुआ और किशोरी को सकुशल बरामद करते हुए उसकी मां समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने सोमवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 5 जुलाई को सहस्रधारा रोड क्षेत्र निवासी एक महिला ने अपनी 15 वर्षीय बेटी के अपहरण की रिपोर्ट राजपुर थाने में दर्ज कराई थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ कई राज्यों में छापेमारी की।
जांच के दौरान पुलिस टीम मुजफ्फरनगर पहुंची, जहां से जानसठ क्षेत्र के घटायन गांव निवासी मनीष कुमार तथा मेरठ के फलावदा थाना क्षेत्र के नांगोरी गांव निवासी लवी कुमार को गिरफ्तार किया गया। दोनों के कब्जे से किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया गया। पूछताछ में लवी कुमार ने खुलासा किया कि उसने मुजफ्फरनगर के कुकड़ा मंडी क्षेत्र निवासी पिंकी मलिक के माध्यम से किशोरी को डेढ़ लाख रुपये में खरीदा था। इसके बाद उसने किशोरी को दो लाख रुपये में मनीष कुमार को बेच दिया। मनीष ने पुलिस को बताया कि उसने किशोरी को शादी करने के उद्देश्य से खरीदा था। इस खुलासे के बाद पुलिस ने पिंकी मलिक और किशोरी की मां को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में किशोरी की मां ने स्वीकार किया कि आर्थिक तंगी के कारण उसने अपनी बेटी को बेच दिया था।
पैसे पूरे नहीं मिले तो रची अपहरण की साजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि किशोरी का सौदा डेढ़ लाख रुपये में तय हुआ था, लेकिन आरोपियों ने उसकी मां को केवल 80 हजार रुपये ही दिए। शेष 70 हजार रुपये बाद में देने का आश्वासन दिया गया। जब बाकी रकम नहीं मिली तो महिला ने अपनी बेटी के अपहरण की झूठी कहानी बनाकर पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी, ताकि दबाव बनाया जा सके। हालांकि, पुलिस की गहन पड़ताल, तकनीकी विश्लेषण और पूछताछ में पूरी साजिश का खुलासा हो गया। पुलिस ने चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने इस मामले में किशोरी की मां, पिंकी मलिक (कुकड़ा मंडी, मुजफ्फरनगर), लवी कुमार (नांगोरी गांव, मेरठ) मनीष कुमार (घटायन गांव, जानसठ, मुजफ्फरनगर)
को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि मामले में मानव तस्करी, नाबालिग के अवैध क्रय-विक्रय और अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। किशोरी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद संरक्षण में रखा गया है तथा आगे की जांच जारी है।
पैसों के लिए मां ने ही बेच दी नाबालिग बेटी, डेढ़ लाख में हुआ सौदा
1
