देहरादून, 2 अगस्त। दून पुलिस ने वाहन चोरी की अलग-अलग घटनाओं का खुलासा करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे और निशानदेही पर विभिन्न स्थानों से चोरी किए गए 11 दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी के वाहनों को जंगल में छिपाकर रखता था और बाद में उन्हें जनपद से बाहर ले जाकर बेचने की तैयारी में था।
थाना रायपुर में 31 जुलाई को सुंदरवाला निवासी अजय कुमार और रायपुर निवासी अनिल कुमार ने अपनी-अपनी स्कूटियों की चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे करीब 80 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान एक संदिग्ध युवक की पहचान हुई।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने महाराणा प्रताप चौक के आगे पेट्रोल पंप के पास से आरोपी राकेश डबराल (22 वर्ष), निवासी मूलतः पौड़ी गढ़वाल व हाल निवासी कनखल, हरिद्वार को चोरी की स्कूटी के साथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने देहरादून के अन्य क्षेत्रों से भी वाहन चोरी करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर जंगल में छिपाकर रखे गए 10 अन्य दोपहिया वाहन बरामद किए गए।
जांच में बरामद वाहनों में से दो वाहन थाना नेहरू कॉलोनी और एक वाहन कोतवाली डालनवाला क्षेत्र से चोरी होना पाया गया है, जबकि अन्य वाहनों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए सुनसान स्थानों पर खड़े वाहनों की पहले रेकी करता था और मौका मिलते ही चोरी कर लेता था। पुलिस से बचने के लिए वह चोरी के वाहन जंगल में छिपाकर हरिद्वार लौट जाता था। बाद में वाहनों को बाहर ले जाकर बेचने की योजना थी, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर ली है। मामले के सफल खुलासे में थाना रायपुर की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
महंगे शौकों के लिए बन गया वाहन चोर, पुलिस ने खोला चोरी का पूरा नेटवर्क
11
