हमारी चौपाल
श्रीनगर/देहरादून, 26 जुलाई। उत्तराखंड में समावेशी शिक्षा को मजबूत करने की दिशा में रविवार को महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने श्रीनगर में आयोजित समारोह में गढ़वाल मंडल के 69 नवचयनित सहायक अध्यापक (एलटी) (विशेष शिक्षा) को नियुक्ति पत्र वितरित किए। उन्होंने कहा कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने में इन शिक्षकों की भूमिका बेहद अहम होगी।
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से चयनित शिक्षकों में पौड़ी के 21, टिहरी के 17, चमोली और देहरादून के 9-9, उत्तरकाशी के 8, रुद्रप्रयाग के 4 तथा हरिद्वार के एक शिक्षक शामिल हैं।
इस अवसर पर डॉ. रावत ने कहा कि शिक्षक केवल शिक्षा देने वाले नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के भविष्य के निर्माता होते हैं। उन्होंने नवनियुक्त शिक्षकों से संवेदनशीलता, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने का आह्वान किया।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विद्यालयों के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने, डिजिटल शिक्षा, शिक्षक प्रशिक्षण, कौशल विकास और समावेशी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि नव नियुक्त विशेष शिक्षक दिव्यांग एवं विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
समारोह में विद्यालयी शिक्षा विभाग के मंडलीय अधिकारी, नव नियुक्त शिक्षक एवं उनके परिजन भी उपस्थित रहे।
