विकासनगर(आरएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संसाधनों की बचत और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील को आगे बढ़ाते हुए भाजपा महिला मोर्चा ने ‘कम तेल की थाली, स्वस्थ भारत की खुशहाली’ कार्यशाला का आयोजन किया। सुद्धोवाला के एक वेडिंग प्वाइंट में आयोजित कार्यशाला में महिलाओं को कम तेल में स्वादिष्ट और पौष्टिक भोजन बनाने का प्रशिक्षण भी दिया गया। कार्यशाला में शिरकत कर रहे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि देशहित की कोई भी मुहिम महिलाओं की भागीदारी के बिना सफल नहीं हो सकती। भले ही हर घर में वाहन न हो, लेकिन रसोई हर घर में होती है। ऐसे में तेल बचाने और स्वस्थ भोजन अपनाने का संदेश महिलाओं के माध्यम से सबसे प्रभावी ढंग से समाज तक पहुंच सकता है। सहसपुर विधायक सहदेव पुंडीर ने कहा कि रसोई सिर्फ भोजन बनाने का स्थान नहीं, बल्कि स्वस्थ नागरिकों और मजबूत समाज की नींव रखने का केंद्र है, लिहाजा भाजपा महिला मोर्चा को इस अभियान को व्यापक जनजागरण के रूप में आगे बढ़ाना चाहिए। बताया कि यह कार्यक्रम भाजपा के जनसंपर्क अभियान का हिस्सा माना जा रहा है। महिला मोर्चा के माध्यम से पार्टी न सिर्फ प्रधानमंत्री के संदेश को घर-घर पहुंचाने का प्रयास कर रही है, बल्कि महिलाओं के बीच संगठन की सक्रियता और संपर्क को भी मजबूत बना रही हैं। कार्यशाला में डायटीशियन डॉ. रिचा कुकरेती ने बताया कि आधुनिक जीवनशैली में बढ़ते मोटापे, मधुमेह, उच्च रक्तचाप और हृदय रोगों का एक बड़ा कारण अत्यधिक तेल और वसायुक्त भोजन है। दैनिक भोजन में तेल की मात्रा नियंत्रित रखी जाए तो कई गंभीर बीमारियों के जोखिम को कम किया जा सकता है। कार्यशाला में जिलाध्यक्ष मीता सिंह,महिला मोर्चा अध्यक्ष सुनीता गुलेरिया, महामंत्री कुसुम लता, मंडल प्रभारी एकता आदि मौजूद रहे।
भाजपा महिला मोर्चा ने दिया कम तेल की थाली से स्वस्थ जीवन और बचत का संदेश
3
