Hamarichoupal,1106,2026
ऋषिकेश, 11 जून। देहरादून पुलिस को ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी सफलता मिली है। बिहार के सीतामढ़ी जिले में लूट और हत्या के मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी मोहम्मद नसीम अख्तर को ऋषिकेश पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक अवैध 12 बोर तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
पुलिस के अनुसार बिहार पुलिस से सूचना मिली थी कि सीतामढ़ी निवासी मोहम्मद नसीम अख्तर अपने भाई वसीम की पैरवी और सहायता के लिए ऋषिकेश आया हुआ है। वसीम को कुछ समय पूर्व ऋषिकेश में हुई फायरिंग की घटना में गिरफ्तार किया गया था। सूचना के बाद एसएसपी देहरादून के निर्देश पर ऋषिकेश पुलिस और एसओजी ने संयुक्त अभियान चलाया।
सघन चेकिंग और सर्विलांस के दौरान पुलिस को आरोपी के नटराज फ्लाईओवर के पास होने की जानकारी मिली। घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी में उसके पास से अवैध तमंचा, दो कारतूस, मोबाइल फोन, पहचान पत्र तथा 1,200 रुपये नकद बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने भाई और अन्य साथियों के साथ बिहार के सीतामढ़ी में लूट की वारदात को अंजाम दिया था, जिसमें पीड़ित की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद से वह पुलिस से बचता फिर रहा था। आरोपी ने बताया कि वह बिहार पुलिस से बचने और अपने भाई से मिलने ऋषिकेश आया था तथा पुलिस की गतिविधियों की जानकारी मिलने पर ट्रेन से फरार होने की तैयारी कर रहा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली ऋषिकेश में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। बिहार पुलिस को भी गिरफ्तारी की सूचना दे दी गई है।
