Hamarichoupal,04,06,2026
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को देहरादून स्थित आईआरडीटी सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय सामूहिक जागरूकता एवं अभिमुखीकरण कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत मई 2026 की पेंशन राशि का वितरण किया। मुख्यमंत्री ने वन क्लिक के माध्यम से 9 लाख 74 हजार 338 लाभार्थियों के खातों में कुल 176 करोड़ 59 लाख 24 हजार रुपये की पेंशन राशि हस्तांतरित की। इस अवसर पर उन्होंने नशा मुक्ति अभियान एवं वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और देखभाल की शपथ भी दिलाई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक बिना भेदभाव और बिना किसी बाधा के सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने सामाजिक न्याय, महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार, पलायन रोकथाम और ग्रामीण विकास के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड विकास और सुशासन के नए मानक स्थापित कर रहा है। साथ ही उन्होंने अधिकारियों एवं आयोगों के पदाधिकारियों से दूरस्थ क्षेत्रों में जाकर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की निगरानी करने का आह्वान किया।
