Hamarichoupal,04,06,2026
Anurag Gupta
टिहरी गढ़वाल। उत्तराखंड शासन के मुख्य सचिव श्री आनंद बर्धन ने जनपद टिहरी गढ़वाल के तपोवन स्थित बजरंग सेतु का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता ओम प्रकाश ने सेतु की इंजीनियरिंग संरचना, तकनीकी विशेषताओं और निर्माण संबंधी विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी मुख्य सचिव को दी। मुख्य सचिव ने परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए सुरक्षा मानकों के अनुपालन पर विशेष जोर दिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके उपरांत मुख्य सचिव ने नरेंद्रनगर विकासखंड के प्लास्डा स्थित हिलान्स हिमालयन भोजनालय का निरीक्षण किया। भोजनालय की संचालक बीना पुंडीर ने उन्हें प्रतिदिन आने वाले ग्राहकों, दैनिक बिक्री तथा परियोजना के वित्तीय स्वरूप की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भोजनालय को रीप परियोजना से छह लाख रुपये, बैंक ऋण के रूप में तीन लाख रुपये तथा सीएलएफ के माध्यम से एक लाख रुपये का सहयोग प्राप्त हुआ है।
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने भोजनालय परिसर के आसपास अधिकाधिक वृक्षारोपण सुनिश्चित करने तथा पर्यटकों की सुविधा के लिए मेनू को स्पष्ट एवं सुव्यवस्थित ढंग से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि स्थानीय पर्यटन और आजीविका से जुड़े ऐसे प्रयासों को सरकार द्वारा और अधिक सशक्त बनाया जाएगा, जिससे क्षेत्रीय विकास को नई गति मिल सके।
इस अवसर पर सचिव लोक निर्माण विभाग, औद्योगिक विकास, खनन एवं आयुष विभाग डॉ. पंकज कुमार पांडेय, जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खंडेलवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, तपोवन नगर पंचायत अध्यक्ष विनीता बिष्ट, एसडीएम नरेंद्रनगर आशीष घिडियाल, डीडीओ मोहम्मद असलम, ईओ तपोवन अंजलि, बीडीओ श्रुति वत्स सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
