Hamarichoupal,30,05,2026
देहरादून, 30 मई। मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माणों और अनधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 50 बीघा से अधिक क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया। वहीं मसूरी रोड स्थित एक अवैध निर्माण को सील कर दिया गया।
संयुक्त सचिव प्रत्यूस सिंह के निर्देश पर एमडीडीए की प्रवर्तन टीम ने तपोवन एनक्लेव क्रॉस-11 रोड क्षेत्र में लगभग 20 से 25 बीघा भूमि पर बिना स्वीकृति विकसित की जा रही प्लॉटिंग को ध्वस्त किया। जांच में पाया गया कि भूमि पर विकास प्राधिकरण की अनुमति के बिना प्लॉटिंग का कार्य किया जा रहा था।
इसके बाद सहस्त्रधारा रोड स्थित ब्राह्मणवाला खाला क्षेत्र के मन्दाकिनी विहार में करीब 20 से 25 बीघा क्षेत्र में की जा रही अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर प्लॉटिंग से संबंधित संरचनाओं और विकास कार्यों को हटाते हुए ध्वस्तीकरण अभियान चलाया।
वहीं गल्जवाड़ी, मसूरी रोड क्षेत्र में नियमों के विपरीत किए जा रहे एक निर्माण को सील कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई भी की जाएगी।
एमडीडीए ने स्पष्ट किया कि शहर और आसपास के क्षेत्रों में अवैध कॉलोनियों तथा बिना स्वीकृति किए जा रहे निर्माण कार्यों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। आमजन से भूमि खरीदने अथवा निर्माण कार्य शुरू करने से पहले सभी आवश्यक वैधानिक अनुमतियों की जांच करने की अपील की गई है।
कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता शैलेन्द्र सिंह रावत, अवर अभियंता उमेश वर्मा, विदिता कुमारी, गौरव तोमर तथा पुलिस बल मौजूद रहा।
नियमों के विरुद्ध निर्माण करने वालों पर जारी रहेगी सख्त कार्रवाई : बंशीधर तिवारी
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में सुनियोजित विकास सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। बिना स्वीकृति किए जा रहे निर्माण और अवैध प्लॉटिंग विकास मानकों का उल्लंघन हैं तथा भविष्य में नागरिक सुविधाओं और शहरी व्यवस्थाओं पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकते हैं। उन्होंने कहा कि अवैध कॉलोनियों और निर्माण गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
अवैध निर्माण और प्लॉटिंग के खिलाफ नियमित अभियान जारी : मोहन सिंह बर्निया
सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण और अनधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ नियमित प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। जहां भी नियमों का उल्लंघन पाया जा रहा है, वहां तत्काल कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने नागरिकों से किसी भी निर्माण कार्य से पहले आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त करने की अपील की।
