HamariChoupal
देहरादून, 30 अप्रैल। सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल के परिसर में गुरुवार को एक गौरवशाली अवसर का साक्षी बना पूरा शैक्षणिक समुदाय, जब प्रस्तावित एकलव्य स्पोर्ट्स सेंटर के निर्माण हेतु भूमि पूजन एवं शिलान्यास समारोह अत्यंत हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। प्रातः 10 बजे से आरंभ हुए इस कार्यक्रम में विद्यालय के चेयरमैन श्री ओम पाठक, हेडमास्टर डॉ. दिलीप कुमार पांडा, डीपीएसजी विद्यालय के हेडमास्टर श्री क्रिस्टोफर एवं दोनों विद्यालय के शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
वैदिक मंत्रोच्चार और परंपरागत रीति-रिवाज के साथ संपन्न हुए इस शिलान्यास कार्यक्रम ने विद्यालय परिवार में उत्साह और ऊर्जा का संचार कर दिया। उपस्थित सभी अतिथियों एवं छात्रों ने इस ऐतिहासिक पल को अपनी स्मृतियों में सहेजा।
इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन श्री ओम पाठक ने कहा —
“एकलव्य स्पोर्ट्स सेंटर केवल एक भवन नहीं है, यह हमारे विद्यार्थियों के सपनों की नींव है। हम चाहते हैं कि सेलाकुई के विद्यार्थी न केवल पाठ्यपुस्तकों में, बल्कि खेल के मैदान में भी देश का नाम रोशन करें। एकलव्य — जो स्वयं खेल साधना और समर्पण का प्रतीक हैं — उनके नाम पर बना यह केंद्र हमारे बच्चों को निरंतर प्रेरणा देता रहेगा। आज जो नींव रखी गई है, वह आने वाले कल के चैंपियनों की नींव है।”
हेडमास्टर डॉ. दिलीप कुमार पंडा ने इस अवसर को विद्यालय के इतिहास में मील का पत्थर बताते हुए कहा “सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल सदैव समग्र शिक्षा में विश्वास रखता है। हमारा मानना है कि एक स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है। एकलव्य स्पोर्ट्स सेंटर के निर्माण से हमारे विद्यार्थियों को विश्वस्तरीय खेल सुविधाएँ मिलेंगी। आज का यह दिन हम सभी के लिए अत्यंत भावनात्मक और प्रेरणादायी है। मैं चेयरमैन श्री ओम पाठक जी का हृदय से आभारी हूँ जिनकी दूरदृष्टि और संकल्प से यह स्वप्न आज साकार होने की राह पर है।”
कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों ने इस पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की। विद्यार्थियों में भी इस स्पोर्ट्स सेंटर को लेकर गजब का उत्साह देखने को मिला। कई छात्रों ने कहा कि वे इस सेंटर के बनने का बेसब्री से इंतजार करेंगे और यहाँ अपनी खेल प्रतिभा को निखारेंगे।
क्या है एकलव्य स्पोर्ट्स सेंटर
प्रस्तावित एकलव्य स्पोर्ट्स सेंटर सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल के परिसर में निर्मित होगा और इसमें छात्रों के लिए आधुनिक एवं उन्नत खेल सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएंगी । यह केंद्र विद्यालय की खेल अवसंरचना को एक नया आयाम प्रदान करेगा और छात्रों को राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने में सहायक होगा। सभी उपस्थितजनों ने इस स्वर्णिम अवसर पर विद्यालय परिवार को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।
