देहरादून(आरएनएस)। नेहरू एकेडमी जूनियर हाईस्कूल, सहस्त्रधारा रोड, देहरादून में विद्यालय के प्रधानाध्यापक रणवीर सिंह के निर्देशन में छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ के लिए निःशुल्क दंत परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य बच्चों और शिक्षकों को मौखिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा समय पर उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना था। शिविर में विद्यालय के सभी छात्रों और स्टाफ सदस्यों के दाँतों की जाँच विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा की गई। परीक्षण टीम में डॉ. सौरभ सेमवाल, डॉ. आकांक्षा डंगवाल एवं डॉ. पिवातो जैडअवोमी शामिल रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को दाँतों की देखभाल, नियमित ब्रशिंग और संतुलित आहार के महत्व पर भी जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के अध्यापक दीपक कुमार एवं कर्मसिंह सैनी भी उपस्थित रहे और उन्होंने छात्रों को इस पहल का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। प्रधानाध्यापक रणवीर सिंह ने कहा कि विद्यालय समय-समय पर ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित करता रहेगा ताकि बच्चों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और चिकित्सकों से दंत स्वास्थ्य संबंधी सुझाव प्राप्त किए। शिविर का आयोजन विद्यालय परिवार के लिए एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ, जिसने स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा दिया।
नेहरू एकेडमी जूनियर हाईस्कूल में दंत परीक्षण शिविर आयोजित
3
