ऋषिकेश,14,02,2026
ऋषिकेश(आरएनएस)। महाशिवरात्रि पर्व पर शनिवार को नीलकंठ धाम में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। हजारों शिवभक्तों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की। ब्रह्म मुहूर्त से ही शिव मंदिर में जलाभिषेक और पूजा-अर्चना का सिलसिला शुरू हो गया। भक्तों की भीड़ से ऋषिकेश, मुनिकीरेती और स्वर्गाश्रम पूरी तरह से पैक दिखा। शनिवार को तड़के ही मंदिर परिसर में हरिद्वार और आसपास के राज्यों से भोलेभक्तों की जलाभिषेक के लिए कतार लगनी शुरू हो गई थी। बोल बम और हर, हर महादेव के जयकारों से नीलकंठ समेत आसपास का क्षेत्र भक्तिमय नजर आया। भक्तों ने पहले ऋषिकेश से सटे क्षेत्रों में गंगा स्नान किया, जिसके बाद उन्होंने वाहन और पैदल आस्था की यात्रा शुरू की। पैदल मार्ग पर दिनभर शिवभक्त जत्थों में नीलकंठ में जलाभिषेक के लिए आते-जाते रहे, जबकि, मोटर मार्ग भी वाहनों का दबाव बढ़ा रहा।
सुरक्षा में तैनात रहे जवान: श्रद्धालुओं के लिए स्वास्थ्य विभाग ने मेला क्षेत्र में शिविर के माध्यम से भी इंतजाम किए। पुलिसकर्मी भी पैदल और मोटर मार्ग पर जगह-जगह शिवभक्तों की सुरक्षा में तैनात दिखे। मंदिर परिसर में भी शिवभक्तों की भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए पुलिसकर्मी तड़के से लेकर रात तक जुटे दिखे। एसएसपी सर्वेश पंवार ने बताया कि मेला क्षेत्र में ट्रैफिक के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा के लिए भी जगह-जगह पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। उन्हें सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए हैं।
आज उमड़ेगा भक्तों का रेला: नीलकंठ धाम में रविवार को महाशिवरात्रि पर्व के चलते लाखों श्रद्धालुओं के लिए जलाभिषेक को जुटने की संभावना है, जिसके चलते पुलिस ने सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। नीलकंठ आवाजाही के दौरान वन-वे व्यवस्था भी लागू की जा सकती है, जिसमें मुनिकीरेती से एंट्री और स्वर्गाश्रम क्षेत्र में बाईपास से बैराज होते हुए वाहनों की निकासी की योजना बनाई गई है। चार पार्किंग भी मेला क्षेत्र में शिवभक्तों के लिए पहले से चिन्हित है, जिसमें शिवभक्तों के वाहनों को फिलहाल भी पार्क कराया जा रहा है।
भीड़ में हांफा शहर का ट्रैफिक: नीलकंठ धाम में जलाभिषेक के लिए शनिवार को दोपहिया व अन्य वाहनों में सवार शिवभक्तों में दौड़भाग जैसी स्थिति दिखी। श्रद्धालुओं के दोपहिया वाहनों की अत्याधिक भीड़भाड़ में नगर क्षेत्र की ट्रैफिक व्यवस्था भी प्रभावित दिखी। खासकर घाट चौक, दून और चंद्रभागा तिराहे पर संकरे मुख्य मार्ग पर भी सुबह से लेकर शाम तक वाहन रेंग-रेंगकर गुजरते दिखे। यातायात को सुचारू रखने के लिए पुलिसकर्मी भी तैनात नजर आए, मगर वाहनों के अत्याधिक दबाव में ट्रैफिक को सुचारू रखने में वह भी बेबस दिखे।
