देहरादून। माननीय मुख्यमंत्री के कड़े निर्देशों के बाद देहरादून पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए तिब्बती मार्केट के सामने हुए सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। तड़के सुबह अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। दोनों के पैर में गोली लगी है और उनका उपचार कराया जा रहा है।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में शहर से लेकर देहात तक सघन चेकिंग और नाकेबंदी अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी।
रायपुर क्षेत्र में मुठभेड़
रायपुर थाना क्षेत्र के लाडपुर जंगल में चेकिंग के दौरान एक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी। उसे तुरंत उपचार के लिए कोरोनेशन (कॉरपोरेशन) चिकित्सालय भेजा गया।
लालतप्पर चौकी क्षेत्र में दूसरी मुठभेड़
लालतप्पर पुलिस चौकी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान स्कूटी सवार एक अन्य बदमाश ने रुकने के बजाय भागने की कोशिश की और एक खंडहर फैक्ट्री में घुसकर पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में उसके दाहिने पैर में गोली लगी।
दो तमंचे और स्कूटी बरामद
पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से दो देशी तमंचे और एक स्कूटी बरामद की है।
हत्याकांड कबूला
प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने तिब्बती मार्केट के सामने हुए हत्याकांड को अंजाम देने की बात कबूल की है। पुलिस द्वारा लगातार पूछताछ की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके के लिए रवाना हुए। एसएसपी देहरादून स्वयं कोरोनेशन चिकित्सालय पहुंचे और अधिकारियों से पूरी जानकारी ली।
दून पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मचा है। पुलिस का अभियान अभी जारी है।
ब्रेकिंग न्यूज | दून पुलिस का पलटवार सीएम के सख्त निर्देश का असर, हत्याकांड के दो शूटर मुठभेड़ में गिरफ्तार
फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैर में लगी गोली, अस्पताल में भर्ती
29
