देहरादून। कोतवाली नगर क्षेत्र में 2 फरवरी 2026 को हुई युवती की नृशंस हत्या के मामले में देहरादून पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र तीन दिनों के भीतर अभियुक्त के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा गठित विशेष जांच टीम (SIT) ने 35 गवाहों के बयान दर्ज कर आरोप पत्र तैयार किया है।
पुलिस के अनुसार हत्या के आरोपी आकाश पुत्र कोमल राम, निवासी मन्नूगंज खुडबुड़ा मोहल्ला, को घटना के तुरंत बाद गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया था, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेजा गया।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में SIT का गठन किया गया। टीम ने वैज्ञानिक पद्धति से जांच करते हुए घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फोरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य एकत्र किए गए तथा अभियुक्त द्वारा उपयोग की गई स्कूटी को कब्जे में लेकर उसके आने-जाने के मार्ग का विस्तृत चार्ट तैयार किया गया।
इसके अलावा घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार, अभियुक्त के कपड़े, जूते, हेलमेट और मृतका के रक्तरंजित वस्त्रों को विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा गया है। मृतका का पोस्टमार्टम विशेषज्ञ डॉक्टरों के पैनल द्वारा कराया गया, जिसकी रिपोर्ट को भी जांच में शामिल किया गया है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, चश्मदीदों के बयान, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और फोरेंसिक रिपोर्ट को ई-साक्ष्य के रूप में विवेचना में सम्मिलित करते हुए SIT ने रिकॉर्ड समय में जांच पूरी की है।
एसएसपी देहरादून ने स्पष्ट किया कि इस जघन्य हत्याकांड को “रेयरेस्ट ऑफ रेयर” की श्रेणी में रखते हुए फास्ट ट्रैक कोर्ट में प्रभावी पैरवी की जाएगी, ताकि अभियुक्त को कठोरतम सजा दिलाई जा सके।
युवती की नृशंस हत्या में SIT की त्वरित कार्रवाई, तीन दिन में चार्जशीट दाखिल
35 गवाहों के बयान शामिल, फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की तैयारी
6
