HamariChoupal,05,2026
देहरादून।आगामी ग्रीष्मकाल 2026 के दौरान संभावित वनाग्नि की घटनाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के उद्देश्य से गुरुवार को आसारोड़ी रेंज के चन्द्रबनी क्षेत्र में संयुक्त वनाग्नि सुरक्षा अभ्यास किया गया। यह फायर ड्रिल चन्द्रबनी कक्ष संख्या-350, फुटी फायर लाइन के समीप आयोजित की गई, जिसमें वन विभाग एवं एनडीआरएफ (NDRF) के स्टाफ ने भाग लिया।
अभ्यास के दौरान वन विभाग और एनडीआरएफ द्वारा उपलब्ध फायर टूल्स व अग्निशमन यंत्रों के माध्यम से वनाग्नि की स्थिति में त्वरित नियंत्रण की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के अभ्यास का उद्देश्य आग लगने की स्थिति में समय रहते समन्वित कार्रवाई कर नुकसान को न्यूनतम करना है।
कार्यक्रम में एनडीआरएफ के इंस्पेक्टर मंजीत सिंह, वन क्षेत्राधिकारी रविन्द्र कुमार वेदवाल, स्थानीय ग्रामीण जनप्रतिनिधि सहित आसारोड़ी रेंज के वन दरोगा नरेन्द्र सिंह, अशोक कुमार, सुनील भट्ट, वन आरक्षी अंकिता रतूड़ी, लोकेश्वरी, रेनू जोशी, आरती सती तथा रेंज के सभी उपनल कर्मी व बीट सहायक मौजूद रहे।
वन अधिकारियों ने बताया कि ग्रीष्मकाल में वनाग्नि की घटनाओं को रोकने और उस पर त्वरित नियंत्रण के लिए इस तरह के अभ्यास आगे भी जारी रहेंगे।
