Dehradun,08,01,2025
विकासनगर(आरएनएस)। थाना सेलाकुई क्षेत्र में तीन लोगों ने असम राइफल्स के एक सैनिक को दूसरे की जमीन दिखाकर 11 लाख रुपये हड़प लिए। तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसएसआई सेलाकुई जितेंद्र कुमार ने बताया कि मामले में बलदेव सिंह पुत्र जमन सिंह निवासी ग्राम पोवओव आगर जिला रुद्रप्रयाग ने तहरीर दी है। इसमें बताया कि वह असम राइफल्स में मणिपुर में रायफलमैन के पद पर कार्यरत है। गत 25 अप्रैल 2022 को दीपक सिंह पुत्र प्रेम सिंह निवासी हरिपुर सेलाकुई ने अपने दो साथियों सोमपाल पुत्र नकुल राम निवासी ग्राम जस्सोवाला और अमित कुमार पुत्र राजेंद्र कुमार निवासी भीमावाला विकासनगर के साथ मिलकर उन्हें अटकफार्म में एक जमीन दिखाई। आरोपी दीपक ने बताया कि वह जमीन उसकी है। इसके बाद उसने आरोपी को जमीन खरीदने के लिए 11 लाख रुपये दिए। आरोपियों ने फर्जी विक्रय पत्र बनाया। उसने भूमि का कब्जा मांगा तो आरोपी टाल-मटोल करने लगा। शक होने पर जब वह भूमि पर गया तो पता चला कि जमीन के मूल स्वामी ने आरोपी दीपक सिंह को जमीन कभी बेची ही नहीं। दस्तावेजों की जांच के बाद पता चला कि वह भूमि दीपक की नहीं थी। उसने जो दस्तावेज दिखाए वह फर्जी थे। एसएसआई ने कहा कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
