HamariChoupal,07,01,2025
देहरादून। फिक्की लेडीज़ ऑर्गनाइजेशन (फिक्की फ्लो) उत्तराखंड चैप्टर द्वारा आयोजित फिक्की फ्लो सम्मेलन 2026 का शुभारंभ बुधवार को देहरादून में भव्य और गरिमामय वातावरण में हुआ। दो दिवसीय इस सम्मेलन की थीम “सशक्तिकरण की शक्ति” रखी गई है, जिसका उद्देश्य महिलाओं को डिजिटल जागरूकता, उद्यमिता विकास, सरकारी सहयोग और सतत आजीविका के अवसरों से जोड़ना है।
सम्मेलन के मुख्य अतिथि माननीय मुख्यमंत्री उत्तराखंड किसी अपरिहार्य कारणवश कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सके, लेकिन उन्होंने वीडियो संदेश के माध्यम से महिला सशक्तिकरण, उद्यमिता और विकसित भारत के निर्माण में महिलाओं की निर्णायक भूमिका पर अपने विचार साझा किए।
उद्घाटन सत्र में कैबिनेट मंत्री श्री सुबोध उनियाल ने विशेष अतिथि के रूप में सहभागिता करते हुए कहा कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण और नवाचार आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। वहीं माननीय गणेश जोशी ने कहा कि उत्तराखंड की महिलाओं ने हमेशा समाज और विकास में अग्रणी भूमिका निभाई है तथा महिला सशक्तिकरण राज्य के समग्र विकास की आधारशिला है।
फिक्की फ्लो उत्तराखंड चैप्टर की अध्यक्ष डॉ. गीता खन्ना ने अपने संबोधन में कहा कि महिला उद्यमिता राज्य और देश की आर्थिक प्रगति की रीढ़ है। उन्होंने कहा कि “सशक्तिकरण की शक्ति” केवल एक विषय नहीं, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर, सक्षम और नेतृत्वकर्ता बनाने की दिशा में एक मजबूत अभियान है।
सम्मेलन के पहले दिन डिजिटल साक्षरता और साइबर जागरूकता, कृत्रिम बुद्धिमत्ता के माध्यम से व्यवसाय विकास, सरकारी योजनाओं में महिलाओं की भागीदारी तथा जैविक खेती, बागवानी और खाद्य प्रसंस्करण जैसे विषयों पर तकनीकी सत्र आयोजित किए गए। विशेषज्ञों ने साइबर अपराधों से बचाव और महिला उद्यमियों के लिए नए आर्थिक अवसरों पर विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर डॉ. सुरेख डंगवाल, मधु भट्ट, कुसुम कंडवाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सम्मेलन के आगामी सत्रों में महिला नेतृत्व, नवाचार और आर्थिक सशक्तिकरण से जुड़े विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा।
