देहरादून,01,01,2025
देहरादून । प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता अमरजीत सिंह ने एक बयान में कहा कि उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी हत्याकांड की निष्पक्ष जांच की मांग पूरे देश में मुखर रूप से उठ रही है। जनता, समाजसेवियों और विपक्ष की यह स्पष्ट मांग है कि इस हत्याकांड की जांच सर्वोच्च न्यायालय के किसी न्यायाधीश की देखरेख में सीबीआई से कराई जाए, ताकि सत्य सामने आ सके और दोषियों को कड़ी सजा मिल पाए।
अमरजीत सिंह ने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि इस न्यायोचित मांग को उठाने वाले जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को सरकार द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ता रवि पपने ने अपने निजी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से इस मुद्दे पर जन-जागरूकता अभियान चलाया, परंतु सरकार उनके खिलाफ तानाशाही रवैया अपना रही है। लोकतांत्रिक देश में यह रुख अस्वीकार्य है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब सब देख रही है और धामी सरकार की लोक-विरोधी नीतियां जनता के विश्वास को तोड़ रही हैं। कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे पर आरपार की लड़ाई लड़ेगी और जब तक अंकिता भंडारी को न्याय नहीं मिलता, तब तक इस संघर्ष को जारी रखेगी।
