देहरादून,26जनवरी2025(आरएनएस) देहरादून नगर निगम में धीमी गति से चली मतगणना के बाद आखिरकार 27 घंटे बाद मेयर पद के परिणाम की घोषणा कर दी गई है। भारतीय जनता पार्टी के सौरभ थपलियाल ने देहरादून नगर निगम में अब तक की सबसे बड़ी जीत दर्ज की है। विशेष बात यह है कि नगर निगम में अपने बल पर बोर्ड बनाने में भी भाजपा सफल रही है।
देहरादून नगर निगम में मतगणना का कार्य पूर्ण हो चुका है। भारतीय जनता पार्टी के सौरभ थपलियाल ने मेयर पद पर 105095 वोटों से जीत हासिल की है। यह अब तक की सबसे बड़ी जीत मानी जा रही है। दूसरे स्थान पर कांग्रेस के वीरेंद्र पोखरियाल रहे हैं। सबसे खास यह है कि नगर निगम के 100 वार्ड में से 64 वार्डों में भाजपा ने जीत प्राप्त की है।
सौरभ थपलियाल को 241778 वोट मिले, जबकि वीरेंद्र सिंह पोखरियाल ने 136483 वोट हासिल किए। उल्लेखनीय है कि अन्य सभी आठ प्रतियोगियों की जमानत भी जब्त हो गई। देहरादून नगर निगम में आम आदमी पार्टी, यूकेडी, सहित अनेक निर्दलीय प्रत्याशी चुनावी मैदान में थे।
देहरादून नगर निगम के 100 वार्ड में भारतीय जनता पार्टी ने पूर्ण बहुमत से बोर्ड बनाने में सफलता प्राप्त की। भाजपा के 64 पार्षद नगर निगम में पहुंचे हैं, जबकि कांग्रेस के 23 पार्षदों ने जीत हासिल की है, और 13 निर्दलीय पार्षद बने हैं। देहरादून नगर निगम में कुल 415001 वोट पड़े, जिसमें 2924 लोगों ने नोटा पर भी अपने मत का प्रयोग किया।