Anurag Gupta
विकासनगर(आरएनएस)। जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार के तहत गुरुवार को विकासनगर ब्लॉक के राजकीय प्राथमिक विद्यालय धर्मावाला में उपजिलाधिकारी विनोद कुमार की अध्यक्षता में बहुउद्देश्यीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं का निस्तारण किया गया। विभिन्न विभागों की योजनाओं के माध्यम से 1775 लोगों को लाभ प्रदान किया गया। शिविर में ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी के समक्ष 214 शिकायतें प्रस्तुत की। इनमें 150 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। उपजिलाधिकारी ने विभागों से संबंधित शिकायतों को अग्रसारित करते हुए निर्देश दिए कि शेष शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। इस दौरान विधायक मुन्ना सिंह चौहान एवं विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने कहा कि राज्य सरकार जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के माध्यम से शासन को गांव-गांव तक पहुंचाया जा रहा है ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। शिविर में राज्य मंत्री श्याम अग्रवाल, तहसीलदार विवेक राजौरी, खंड विकास अधिकारी शक्ति प्रसाद भट्ट, क्षेत्र पंचायत सदस्य, विभिन्न न्याय पंचायतों के ग्राम प्रधान, विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। इनको मिला शिविर से लाभ शिविर में स्वास्थ्य विभाग ने एलोपैथिक में 77, होम्योपैथिक में 15 और आयुर्वेदिक में 52 लोगों की जांच कर निशुल्क दवाइयां वितरित की। पशुपालन विभाग ने 17 पशुपालकों को दवाएं उपलब्ध कराई। राजस्व विभाग ने सात प्रमाण पत्र जारी किए। रीप परियोजना 51, डेयरी 86, कृषि विभाग ने 35, उद्यान विभाग ने 22 किसानों को कृषि यंत्र, बीज और पीएम किसान निधि प्रदान की। समाज कल्याण विभाग ने 35 पात्र लोगों को पेंशन स्वीकृत की। जिला पूर्ति विभाग ने 50 राशन कार्ड धारकों की केवाईसी कराई। इसके अतिरिक्त पंचायती राज विभाग ने 11 मामलों का निस्तारण किया। श्रम विभाग ने छह श्रमिक पंजीकरण योजना के तहत लाभान्वित किया गया। बाल विकास, एनआरएलएम, श्रम, मत्स्य, विद्युत, पेयजल निगम, शिक्षा, रीप, डेयरी और ग्राम्य विकास विभाग के माध्यम से भी कई लाभार्थियों को लाभ पहुंचाया गया। सेवायोजन विभाग ने 25 छात्रों को करियर काउंसलिंग दी।
