Saturday , May 18 2024

उत्तरकाशी में मुख्यमंत्री के रोड शो में सड़कों पर उतरा जनसैलाब

देहरादून(आरएनएस)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को उत्तरकाशी जिला मुख्यालय पर रोड-शो किया, तो जन-सैलाब सड़कों पर उमड़ आया। पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित हजारों महिलाओं ने सड़क के दोनों तरफ खड़े होकर पुष्प वर्षा कर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। इस आयोजन के जरिए जहां लोगों ने उत्तरकाशी जिले की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरओं के विविध रूप-रंगों का साक्षात्कार किया वहीं यह आयोजन महिलाओं के सशक्तिकरण और जिले के विकास के लिए भी अत्यधिक महतपूर्ण साबित हुआ। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने महिलाओं के ‘दीदी-भुली महोत्सव‘ में शिरकत करने के साथ ही रू. 291 करोड़ से अधिक लागत की योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया। जिनमें रू. 189 करोड़ की लागत से यूजेवीएन लिमिटेड के तिलोथ विद्युतगृह के नवीनीकरण, उच्चीकरण एवं पुनरोद्धार (आर.एम.यू.) कार्य का लोकार्पण भी सम्मिलित है।
महिला सशक्तिकरण को समर्पित ‘दीदी-भुली महोत्सव‘ में प्रतिभाग करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के उत्तरकाशी पहॅुचने पर पेट्रोल पंप-बस स्टैंड से लेकर भटवाड़ी रोड, भैरव चौक, कोर्ट रोड, हनुमान चौक होते हुए रामलीला मैदान तक रोड-शो आयोजित किया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने बाड़ाहाट क्षेत्र के आराध्य कंडार देवता को भी शीश नवाया और माँ शक्ति और बाबा विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्य व देश की प्रगति व खुशहाली की कामना की। डेढ कि.मी. से अधिक दूरी तक आयोजित इस रोड-शो में नगरवासियों के साथ ही जिले के कोने-कोने से आये लोगों ने फूलों की वर्षा कर मुख्यमंत्री का हर्षोल्लास के साथ भव्य स्वागत किया। रोड शो में पारंपरिक पहनावों से सजी ग्रामीण क्षेत्रों से आई महिलाओं के जत्थे और लोक-कलाकारों की सांस्कृतिक झांकी आकर्षण का प्रमुख केन्द्र रहे। ढोल-दमाऊ व रंणसिंगे जैसे पारंपरिक वाद्य यंत्रों की प्रस्तुतियों से रोड-शो में हर कोई झूमता-थिरकता नजर आया।
मुख्यमंत्री के आगमन पर उत्तरकाशी जिले का समृद्ध सांस्कृतिक वैभव अपने अद्भुत अंदाज में सड़क पर उमड़ आया। मुख्यमंत्री श्री धामी उत्तरकाशी के इस अनूठे सांस्कृतिक वैविध्य से अभिभूत नजर आए और उन्होंने खुद आम लोगों व कलाकारों पर फूल बरसाते हुए परंपराओं के प्रति अपने अनुराग को अभिव्यक्त भी किया। रोड-शो संपन्न होने पर मुख्यमंत्री ने रामलीला मैदान में बद्री गाय की पूजा अर्चना कर ‘विकसित भारत विकसित ग्राम‘ प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी स्टॉलो का निरीक्षण करने के साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद भी किया और विभिन्न योजना के लाभार्थियों को चेक वितरित किए।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने ‘वन डिस्ट्रिक वन प्रोडक्ट‘ नेशन अवार्ड में देश में दूसरे स्थान का सम्मान पाने वाले लाल धान की जानकारी ली। महिला किसानों ने मुख्यमंत्री को लाल धान की बाली भेंट की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने गिंज्याली (मूसल) थामकर पारंपरिक ओखली में महिलाओं के साथ लाल धान की कुटाई की तथा लाल धान के चिवड़ा बनाने की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 लोगों को बचाने के लिए चले ऑपरेशन को कामयाब बनाने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी सहित अफसरों की टीम से लेकर उत्तरकाशी और देश की जनता का आभार जताया। कहा कि सिलक्यारा ऑपरेशन पर देश और दुनिया की नज़र थी। ऐसे में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सिलक्यारा ऑपरेशन को समय पर पूरा किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जो मार्गदर्शन और समय समय पर जो मशीनरी और सहायता उपलब्ध कराई है, वह इस अभियान को कामयाब बनाने में महत्वपूर्ण थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तरकाशी के लाल धान ने देशभर में दूसरा स्थान प्राप्त कर किसानों, अधिकारियों और सरकार के काम पर मुहर लगाई है। मुख्यमंत्री ने ओडीओपी पुरस्कार मिलने पर जिले को बधाई देते हुए जलजीवन मिशन में भटवाड़ी ब्लॉक में सबसे पहले सौ फीसदी जल-संयोजन होने पर भी प्रसन्नता व्यक्त की।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री श्री प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि युवा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विकास तेजी से हो रहा है। उन्होंने कहा कि आज मातृशक्ति की जो भीड़ मुख्यमंत्री के स्वागत में जुटी हैं, वह उत्तरकाशी के इतिहास में पहली बार देखने को मिली हैं। इस मौके पर टिहरी सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने भी विचार रखे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए डीएम अभिषेक रुहेला ने कोटी-बनाल भवन निर्माण शैली में निर्मित पंचपुरा भवन की प्रतिकृति और सिलक्यारा ऑपरेशन की सफलता के फोटो का कोलाज और इस रेस्क्यू अभियान को कामयाब बनाने के लिए जनपदवासियों की तरफ से आभार पत्र मुख्यमंत्री को सौंपा। मुख्यमंत्री ने जिला पुलिस द्वारा मिशन सिलक्यारा पर तैयार की गई काफी टेबल बुक का भी विमोचन किया।
कार्यक्रम में यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल, भाजपा, बागवानी विकास परिषद के उपाध्यक्ष राजकुमार, गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडेय, डीएम अभिषेक रुहेला, एसपी अपर्ण यदुवंशी, मुख्य विकास अधिकारी जय किशन, अपर जिलाधिकारी रजा अब्बास , भाजपा नेता लाखीराम जोशी, किशोर भट्ट आदि भी मौजूद रहे।

About admin

Check Also

कोटा : तीन वर्षीय बच्ची को कार में भूल शादी में पहुंचे पेरेंन्ट, दम घुटने से मासूम की दर्दनाक मौत

कोटा ,17 मई (आरएनएस)। राजस्थान के कोटा में पैरेंट्स की लापरवाही के चलते उनकी 3 …